
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पोस्ट जारी कर हमले का बदला लेने की बात कही है। पोस्ट में पाकिस्तान में घुसकर “एक लाख के बराबर एक आदमी को मारने” की धमकी दी गई है।
इस वायरल पोस्ट में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद की तस्वीर भी साझा की गई है, जिस पर क्रॉस का निशान बना हुआ है। इसे सीधे तौर पर हाफिज सईद को निशाना बनाने की धमकी के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह वाकई बिश्नोई गैंग ने ही जारी किया है या नहीं। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग पहले भी सोशल मीडिया के जरिए धमकियां देने और अपराधों की जिम्मेदारी लेने के लिए चर्चा में रहा है। अब पहलगाम हमले के बाद सामने आया यह पोस्ट सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर गया है। एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।




