
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। वजीरगंज थाना क्षेत्र में आगामी मोहर्रम के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार को जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया।
बारूदखाना से लेकर कैसरबाग बस अड्डे तक जुलूस के संभावित मार्गों का अधिकारियों ने बारीकी से जायजा लिया। मामा-भांजे की कब्र, मकबरा आलिया, चिक मंडी, अमीनाबाद बॉर्डर और चौकी हाता जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जुलूस मार्ग में आने वाले ठेले, गाड़ियां और अन्य अतिक्रमण को हटाया गया, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही साफ-सफाई की व्यवस्था का भी विशेष निरीक्षण किया गया।
SHO वजीरगंज राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस बल ने जुलूस मार्ग पर पैदल गश्त की। इस दौरान स्थानीय लोगों को शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
प्रशासन द्वारा ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाई गई है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।





