
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी/चंदौली (समाचार टूडे)। पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने नगर क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक, रोजाना आपूर्ति, स्टॉक रजिस्टर और ईंधन की गुणवत्ता की गहन जांच की। एडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आपूर्ति श्रृंखला बाधित नहीं होनी चाहिए और उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जाए।
प्रशासन ने साफ किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। आम लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस-प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को तुरंत रोका जा सके।








