
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पंजाबी सिनेमा और म्यूज़िक इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री एवं मॉडल हिमांशी खुराना इन दिनों काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा में सराबोर नजर आईं। अभिनेत्री अपने परिवार के साथ बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी पहुंचीं, जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन कर सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।
दो दिनों के प्रवास के दौरान हिमांशी खुराना ने मंदिर दर्शन के बाद माथे पर चंदन लगाए हुए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरें सामने आते ही वायरल हो गईं और प्रशंसकों ने उन्हें शुभकामनाओं और प्यार से सराबोर कर दिया।
गंगा घाटों पर अनुभव की आध्यात्मिक शांति
वाराणसी प्रवास के दौरान अभिनेत्री ने ऐतिहासिक गंगा घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने नाव यात्रा के साथ-साथ भव्य गंगा आरती में भी हिस्सा लिया। हिमांशी ने गंगा आरती को एक अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण ने उन्हें गहरी मानसिक शांति प्रदान की।
परिवार की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
अभिनेत्री ने बताया कि वह लंबे समय से वाराणसी आने की इच्छा रखती थीं। यहां आकर उन्हें न केवल आध्यात्मिक सुकून मिला, बल्कि मन को भी विशेष शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से अपने परिवार और भविष्य के लिए मंगलकामना की।
संस्कृति और पारंपरिक स्वाद से हुईं प्रभावित
हिमांशी खुराना ने अपने प्रवास के दौरान बनारस के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और स्थानीय संस्कृति को करीब से जाना। उन्होंने कहा कि काशी केवल आध्यात्मिकता का केंद्र ही नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, अपनापन और स्वाद भी इसे खास बनाते हैं।
कौन हैं हिमांशी खुराना
हिमांशी खुराना पंजाबी फिल्म और म्यूज़िक इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं, जिन्हें इंडस्ट्री की “ऐश्वर्या राय” भी कहा जाता है। टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 13 में नजर आने के बाद उन्हें देशभर में व्यापक पहचान मिली। 27 नवंबर 1991 को पंजाब में जन्मीं हिमांशी ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और बाद में कई सुपरहिट म्यूज़िक वीडियो और फिल्मों में काम किया। उनकी पहली फिल्म सड्डा हक से उन्हें खास पहचान मिली। सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है।


