
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। नववर्ष और स्कूलों की छुट्टियों के चलते काशी में सैलानियों की भारी आमद से शहर की सड़कें जाम नजर आईं। गोदौलिया, मैदागिन, रथयात्रा, सोनारपुरा समेत प्रमुख बाजार और चौराहों पर दिनभर लोगों का रेला लगा रहा। स्थिति यह रही कि कई इलाकों में वाहन रेंगते दिखाई दिए, जबकि शाम होते-होते भीड़ और अधिक बढ़ गई। भीड़ और यातायात की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी भी सड़क पर उतरे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यातायात को सुचारू कराने का प्रयास किया।
दरअसल, नए साल के जश्न और स्कूलों की छुट्टियों के कारण देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक बनारस पहुंचे हैं। गंगा घाटों, मंदिरों और बाजारों की ओर जाने वाली सड़कों पर लगातार भीड़ उमड़ रही है। गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग, मैदागिन चौराहा और रथयात्रा क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।शाम के समय हालात और बिगड़ गए। पैदल यात्रियों और वाहनों की अधिकता के चलते सड़क पर पुलिस अधिकारियों को उतरकर स्वयं ट्रैफिक संभालना पड़ा। । इसके साथ ही अतिक्रमण और सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी सख्ती दिखाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष को देखते हुए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की जा रही है। आमजन और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन न खड़े करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी भीड़ बढ़ने की संभावना है, ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि नववर्ष का उत्सव सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सके।





