
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज सामाजिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक संस्था आरोही संस्कृति संगम समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करके अमिट छाप छोड़ने वालीं पांच महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित करेगी। श्रीकटरा रामलीला कमेटी के राम वाटिका परिसर में आयोजित बीते शुक्रवार को हुई बैठक में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। मुख्य अतिथि मनोज सक्सेना ने कहा, कला व संस्कृति के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को बढ़ाने की जरूरत है।
अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुधीर नारायण ने कहा, महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संस्था का काम प्रेरणादायी है। इससे महिलाएं बेहतर काम करने को प्रेरित होंगी। कला व संस्कृति के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को बढ़ाने में अतुलनीय योगदान देने के लिए एनसीजेडसीसी की सलाहकार कल्पना सहाय सम्मानित की गईं।
संचालन कर रहे वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी ने बताया कि संस्था की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए डा. बीना मिश्रा को कार्यकारी अध्यक्ष, शंभूनाथ श्रीवास्तव को सह कोषाध्यक्ष, कवि कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी देने के साथ कार्यकारिणी में रमा त्रिपाठी व श्वेता केसरवानी को शामिल किया गया है। स्वागत व आभार संस्था की सचिव प्रियंका चौहान ने ज्ञापित किया। बैठक में विश्व ज्योति सहाय, रागिनी चंद्रा, संजीव कुमार, अंशिता शुक्ला, मोनाल ठाकुर ,संदीपमा वर्मा,मंजू श्रीवास्तव, शैलेंद्र गुप्ता,आस्था,नैना आदि उपस्थित रहे।



