
- रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: आम आदमी पार्टी ने हाथरस से सरकार के प्राथमिक विद्यालय मर्जर के फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को शहर के एक होटल में आयोजित बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ संगठन विस्तार की रणनीति पर चर्चा की, बल्कि सरकार को चेतावनी भी दी कि यदि ग्रामीण इलाकों के प्राथमिक विद्यालयों का विलय हुआ, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
बैठक में जिला स्तर पर संगठन के पुनर्गठन को लेकर कई नामों पर मंथन हुआ और जिम्मेदारियों का नया खाका तैयार किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि सरकार का यह फैसला ग्रामीण बच्चों के भविष्य से सीधा खिलवाड़ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
“अगर सरकार ने अपनी नीति पर पुनर्विचार नहीं किया, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी,” – यह ऐलान बैठक में गूंजता रहा।
पार्टी ने घोषणा की कि वे गांव-गांव जाकर जनता को इस मुद्दे से जोड़ेंगे और आगामी पंचायत चुनाव अकेले लड़ेंगे। शीर्ष नेतृत्व 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन पर विचार करेगा।





