
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ आगामी पदयात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।
संजय सिंह ने घोषणा की कि 31 अक्टूबर, सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा की शुरुआत प्रयागराज की गंगा नदी से की जाएगी, जो अयोध्या की सरयू नदी पर समाप्त होगी। यह पदयात्रा सामाजिक अन्याय और भेदभाव के मुद्दों को उजागर करेगी।
उन्होंने कहा कि बरेली में हाल ही में हुए बुलडोजर कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को नजरअंदाज किया गया, जिसमें बिना कानूनी प्रक्रिया के मकान गिराना गैरकानूनी बताया गया है।
संजय सिंह ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपराध का गढ़ बन चुका है। उन्होंने प्रदेश सरकार को प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक पर भी घेरा और कहा कि इससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।
धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा, “आई लव महादेव” या “आई लव मोहम्मद” जैसे नारों को प्रतियोगिता का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी संजय सिंह के साथ मौजूद रहे।




