
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले की जेल में बंद 20 वर्षीय आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या कर दी गई है। यह वारदात जेल परिसर के भीतर ही अंजाम दी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात को जेल में बंद एक अन्य कैदी ने नुकीली वस्तु से अब्दुल रहमान के सिर पर हमला किया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान अरुण चौधरी के रूप में हुई है, जो कश्मीरी युवक बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को पाली गांव के पास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे और वह अयोध्या में विस्फोट की साजिश रच रहा था। वह उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर का निवासी बताया गया। जांच के दौरान उसके पास से कुछ वीडियो भी मिले थे, जिनमें राम मंदिर से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां थीं। इसी आधार पर एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार किया था और बरामद हैंड ग्रेनेड को तुरंत डिफ्यूज कर दिया गया था।
बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी अरुण चौधरी पहले जम्मू-कश्मीर की जेल में बंद था, जिसे बाद में फरीदाबाद जेल में स्थानांतरित किया गया। वह भी हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया था। इसके बावजूद जेल के भीतर इस तरह की घटना का होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। जेल में बंद अन्य कैदियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि हमलावर को किसी तरह की मदद तो नहीं मिली। इस घटना से पूरे फरीदाबाद जिले में हड़कंप मच गया है।





