
- ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त IAS किंजल सिंह तथा भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की निदेशक IAS माला श्रीवास्तव की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में खनन गतिविधियों के प्रभावी नियमन, परिवहन व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आपसी समन्वय को और बेहतर बनाने पर सहमति जताई। सामने आए मुद्दों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण के लिए संयुक्त रणनीति एवं ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। यह पहल प्रदेश में सुशासन, नियमों के सख्त अनुपालन और सुरक्षित व सुव्यवस्थित परिवहन–खनन व्यवस्था को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
परिवहन आयुक्त IAS किंजल सिंह ने परिवहन प्रबंधन को और मजबूत करने, ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण तथा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए स्पष्ट और व्यावहारिक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन कराते हुए आमजन की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की निदेशक IAS माला श्रीवास्तव ने खनन से जुड़े मामलों में नियमों के सख्त अनुपालन पर जोर देते हुए विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
यह संयुक्त बैठक प्रशासनिक सक्रियता और दूरदर्शी नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करती है, जिससे प्रदेश में सुरक्षित परिवहन और जिम्मेदार खनन व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।





