
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: सनातन संस्कृति की आत्मा माने जाने वाले श्रीमद्भागवत पुराण की दिव्य अमृतधारा अब हाथरस में प्रवाहित होने जा रही है। अट्ठारह महापुराणों में विशिष्ट स्थान रखने वाले भागवत पुराण में भक्ति योग, रसभाव और भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का अद्भुत वर्णन है। इसी दिव्यता को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से हाथरस में भव्य आयोजन होने जा रहा है।
आज मंदिर श्री बल्केश्वर महादेव प्रांगण में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री बल्केश्वर धाम, सरक्यूलर रोड पर तीन जनवरी से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावनवासी, जगद्गुरु द्वाराचार्य अग्रपीठाधीश्वर मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज के परम स्नेही शिष्य, परम पूज्य श्री रसराज दास जी महाराज के श्रीमुख से होगा।
आयोजकों ने बताया कि कथा ज्ञान यज्ञ की तैयारियाँ भव्य और दिव्य स्वरूप में पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन सेठ जी का तबेला स्थित श्री बल्केश्वर महादेव मंदिर के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं।
शहर में गूंज रहा भक्ति का आमंत्रण कथा को लेकर पूरे शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जगह-जगह निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं, साथ ही व्यक्तिगत रूप से धर्मप्रेमी जनता को आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँचकर इस श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। शहर के संभ्रांत नागरिकों का भी आयोजन को लेकर भरपूर सहयोग मिल रहा है।
प्रेसवार्ता में रहे ये प्रमुख चेहरे
इस अवसर पर प्रेमचंद्र वर्मा, किशोरीरमन, ओमप्रकाश वर्मा, प्रवीन वार्ष्णेय, योगेश वर्मा, टिंकू वर्मा, दाऊदयाल वर्मा, विशाल शर्मा, श्रीनाथ वार्ष्णेय, सचिन वर्मा, कृष्णा वर्मा, मुकेश शर्मा, राजकुमार राजू लाला, दाऊजी वर्मा, अमर प्रकाश वार्ष्णेय, विपिनकांत वशिष्ठ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





