- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में बलिया रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांडेड परिधानों का स्टोर खोलने की योजना बनाई गई है। यह पहल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने और उसे सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले बलिया रेलवे स्टेशन पर यह प्रीमियम कपड़ों का आउटलेट रेलवे बोर्ड की नई नीति के तहत ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटित किया गया है। सफल बोलीदाता इमेज फैशन फॉरएवर को स्टोर संचालन का अवसर दिया गया है।
गौरतलब है कि भारतीय रेलवे में इस प्रकार के प्रीमियम रिटेल स्टोर पहले ही गुंटकल, सिकंदराबाद, बेंगलुरु और मैसूरु जैसे डिवीजनों में शुरू किए जा चुके हैं, लेकिन उत्तरी भारत के क्षेत्र में यह पहल पहली बार वाराणसी मंडल के बलिया स्टेशन पर की जा रही है।इमेज फैशन फॉरएवर एक प्रसिद्ध मल्टी-ब्रांड परिधान रिटेलर है। इस स्टोर से पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल को लगभग 4.4 लाख रुपये का वार्षिक राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।
यात्रियों को यहां प्रीमियम क्वालिटी के कपड़ों की खरीदारी का बेहतर अनुभव मिलेगा।वर्तमान में बलिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। प्रीमियम ब्रांडेड रिटेल आउटलेट की शुरुआत स्टेशन को एक आधुनिक, जीवंत नगरीय केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और अहम कदम है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर अनुभव मिल सकेगा।





