
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को नमो घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर पुलिस चौकी और पर्यटन पुलिस बूथ की स्थापना के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में महत्वपूर्ण स्थलों पर लगातार सक्रिय होकर पुलिस पेट्रोलिंग करे। नमो घाट पर प्रत्येक दिन एक राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में पेट्रोलिंग की जाए। अन्य घाटों पर भी पेट्रोलिंग के निर्देश दिए।
उन्होंने घाटों पर आने जाने वाले लोगों की DFMD व HHMD से चेकिंग-फ्रिस्किंग के निर्देश दिए। कहा कि सादे वस्त्रों में भी पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए। बिना नंबर के वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। बिना नंबर या अपठनीय नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों पर तत्काल चालान एवं आवश्यकता अनुसार वाहनों को सीज किया जाए।
पुलिस आयुक्त ने भ्रमण के दौरान कई वाहनों की जांच कराई। इस दौरान कागजात न मिलने अथवा गड़बड़ी पर वाहनों को सीज कर दिया गया। इसी क्रम में कमिश्नरेट में चलाए गए अभियान के क्रम में 251 वाहनों का चालान एवं 45 वाहन सीज कर दिया गया। इस दौरान चार पहिया वाहनों की डिग्गी खोलकर जांच की गई।
उन्होंने कहा कि वाहन चेकिंग केवल दस्तावेजों की जांच तक सीमित न रहे, बल्कि हर संदिग्ध वाहन की डिग्गी खुलवाकर अनिवार्य रूप से जांच की जाए। प्रतिबंधित वस्तुओं, विस्फोटक, आग्नेयास्त्र, तेजधार हथियार या अन्य अवैध सामग्री की तस्करी रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सरवणन टी सहित सम्बन्धित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।




