
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर अयोध्या जनपद की जिला समिति, ब्लॉक समितियों एवं हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों व समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आई आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने कहा कि वे कई वर्षों से अत्यंत कम मानदेय में कार्य करने को विवश हैं। विभाग द्वारा अभी तक न तो उचित मानदेय दिया जा रहा है और न ही कार्य के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। कई कार्यकर्त्रियों को आज तक मोबाइल फोन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, और जिन्हें मोबाइल दिए भी गए थे, वे खराब हो चुके हैं। मोबाइल रिचार्ज का कोई भुगतान नहीं किया जाता।
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने बताया कि संघ के माध्यम से कई बार सरकार और विभाग को अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन उनकी मांगों को लगातार अनसुना किया गया। वर्तमान में विभाग द्वारा पोषण ट्रैकर, SIR जैसे अनेक अतिरिक्त कार्य जबरन कराए जा रहे हैं, जबकि भर्ती के समय उनकी शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल या इंटर तक की थी। आज उनसे पोस्ट ग्रेजुएट स्तर का कार्य लिया जा रहा है। कार्य करने से मना करने पर विभागीय कर्मचारियों द्वारा सेवा समाप्ति एवं मानदेय रोकने की धमकी दी जाती है।
कार्यकर्त्रियों ने सवाल उठाया कि हम अपनी पीड़ा किससे कहें, जब सुनने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सितंबर 2025 में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने और उच्च गुणवत्ता के मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक उस घोषणा पर कोई अमल नहीं हुआ है, जिससे आंगनबाड़ियों में भारी रोष व्याप्त है।
संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र और गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री लखनऊ में संयुक्त मोर्चा के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में प्रमुख रूप से जिला संरक्षक रणवीर सिंह (गुड्डू), जिला अध्यक्ष सरोज सिंह, जिला महामंत्री निर्मला मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह एवं मिथिलेश सिंह, जिला सह-संरक्षक सुजीत तिवारी (बब्लू), ब्लॉक संरक्षक राकेश मिश्रा, नरेंद्र बहादुर मिश्रा, दयाशंकर तिवारी, शिव वरदान वर्मा, लालचंद, ब्लॉक अध्यक्ष आशा सिंह, गिरजा मिश्रा, सोनिका मिश्रा, माला सिंह, रानी सिंह, अनिता यादव, ऊषा शुक्ला, शशि किरण श्रीवास्तव, नीलम यादव, बीना सिंह, चंदा देवी सहित हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।





