
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब लखनऊ के हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में उमड़ पड़ा। यह मंदिर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है, जहां बड़ी संख्या में भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर परिसर में हनुमान जी की एक भव्य प्रतिमा स्थापित है। इसके साथ ही पीपल के पेड़ के नीचे एक अन्य प्रतिमा भी विराजमान है, जिसे वर्ष 1940 में पंडित भागवत प्रसाद त्रिपाठी द्वारा स्थापित किया गया था। इसके कुछ समय बाद पंडित मंशाराम ने भव्य मंदिर भवन और विशाल हनुमान प्रतिमा का निर्माण करवाया।

इस पावन अवसर पर भक्तों ने श्रद्धा भाव से पूजा की और हनुमान जी से अपने कष्टों के निवारण और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रतीक है कि भक्तजन हनुमान जी की कृपा पाने के लिए दूर-दराज से यहां पहुंचते हैं।




