
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
सासनी (हाथरस): सासनी नगर पूरी तरह भगवामय हो गया, जब श्री हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर निकली विशाल शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिरस में डुबो दिया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी—सड़कें छोटी पड़ गईं और हर गली “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठी।
देव प्रकाश गर्ग की बगीची से शुरू हुई शोभायात्रा का आगाज़ वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ हुआ, जहां मुख्य यजमान वेदप्रकाश कुशवाहा रहे। इसके बाद माँ काली की विशेष पूजा ने माहौल को और भी शक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा का उद्घाटन डॉ. विकास शर्मा (डायरेक्टर, फॉक्स ग्रुप), जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना और जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से किया। महावीर सिंह बिर्रा द्वारा श्री हनुमान जी की भव्य आरती उतारी गई, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
झांकियों ने मोहा मन, राम दरबार रहा आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में निकली श्रीराम दरबार की झांकियों और माँ काली के जीवंत स्वरूप ने लोगों का दिल जीत लिया। बैंड-बाजों की धुन और “वीर बजरंगी” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। किन्नर समाज की महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 आरती नंद गिरी श्रीवास्तव की मौजूदगी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
किन्नर समाज ने की समापन आरती, भावुक हुआ माहौल
शोभायात्रा का समापन किन्नर समाज के प्रमुख सूरज जी और उनके साथियों द्वारा की गई भव्य आरती के साथ हुआ, जहां श्रद्धा और उत्साह अपने चरम पर दिखा।
कार्यक्रम में आए अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय और मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार जताया।
इस दौरान गोपाल प्रसाद शर्मा, कैलाश कूलवाल, अमरदीप, अनमोल अग्निहोत्री, सचिन भार्गव, आशीष पाराशर, अमन भार्गव, स्वप्निल भारद्वाज, शुभम शर्मा, गौरव पाठक समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




