
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। विद्युत मजदूर संगठन वाराणसी एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन वाराणसी के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य अभियन्ता (वितरण), वाराणसी क्षेत्र-द्वितीय से मुलाकात कर जनपद जौनपुर के अधीन शाहगंज विद्युत वितरण खण्ड में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियन्ता को अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, लखनऊ के अध्यक्ष द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के बावजूद खण्ड स्तर पर आदेशों की अवहेलना जारी है। संगठन के अनुसार 16 फरवरी 2026 तक भी संविदा कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश और असंतोष व्याप्त है।प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति में ही मुख्य अभियन्ता (वितरण), वाराणसी क्षेत्र-द्वितीय अनिल कुमार वर्मा ने तत्काल अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खण्ड शाहगंज तथा संबंधित फर्म से दूरभाष पर वार्ता कर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संविदा कर्मचारियों का वेतन बिना विलम्ब निर्गत करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
मुख्य अभियन्ता ने यह भी कहा कि भविष्य में संविदा कर्मचारियों के वेतन भुगतान में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि पुनः ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए संबंधित खण्डीय अधिशासी अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।इस अवसर पर संगठन की ओर से संदीप कुमार, संजय सिंह, शैलेन्द्र चौधरी, प्रियांशु सिंह तथा रवींद्र पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने अपेक्षा व्यक्त की कि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद संविदा कर्मचारियों को शीघ्र उनका बकाया वेतन प्राप्त होगा और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं उत्पन्न होगी।





