
-सीआरपीएफ, सृजन सामाजिक विकास न्यास व नगर निगम की संयुक्त पहल
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता को बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को अस्सी घाट से तुलसी घाट तक एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान 95वीं बटालियन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सृजन सामाजिक विकास न्यास, गंगा हरितमा तथा नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।स्वच्छता अभियान का नेतृत्व सृजन सामाजिक विकास न्यास एवं गंगा हरितमा के ब्रांड एंबेसडर अनिल सिंह, सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार सिंह तथा नगर निगम के मुख्य खाद्य एवं सफाई अधिकारी आनंद कुमार ने किया। अभियान की शुरुआत अस्सी घाट से हुई, जो तुलसी घाट तक चली।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों, नगर निगम के सफाई कर्मियों एवं सीआरपीएफ के जवानों ने गंगा नदी और घाटों पर फैले कचरे को एकत्र किया। विशेष रूप से गंगा में प्रवाहित की गई फूल-मालाएं, पूजा सामग्री, मूर्तियां, कपड़े एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित रूप से निस्तारित किया गया।
इस अवसर पर 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के जवानों ने न केवल घाटों की सफाई की, बल्कि आमजन और श्रद्धालुओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। जवानों ने गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश देते हुए लोगों से सहयोग की अपील की।
गंगा हरितमा के ब्रांड एंबेसडर अनिल सिंह ने कहा कि स्वच्छता किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण अनेक संक्रामक एवं गंभीर बीमारियां फैलती हैं, जो जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती हैं। यदि समय रहते स्वच्छता पर ध्यान न दिया जाए, तो इसका दुष्परिणाम पूरे समाज को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के स्वच्छता अभियान वाराणसी के विभिन्न घाटों पर लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि मां गंगा को प्रदूषण मुक्त रखा जा सके और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं निर्मल गंगा सौंपी जा सके।
नगर निगम के अधिकारियों ने भी आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि लोग कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें और पूजा सामग्री को सीधे गंगा में प्रवाहित न करें, तो गंगा की स्वच्छता बनाए रखना कहीं अधिक आसान हो सकता है। अभियान के दौरान घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया।





