
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा: हरीपर्वत चौराहा पर ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करते एक पुलिसकर्मी की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वायरल फोटो में पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के बाइक (नंबर UP93 BB 1107) चलाते हुए कैमरे में कैद हो गया।
हैरानी की बात यह है कि जिस पुलिसकर्मी को कानून की रक्षा करनी चाहिए, वही खुद कानून तोड़ता नजर आया। बाइक की नंबर प्लेट भी फॉल्टी पाई गई, जिसे नियम विरुद्ध माना गया है। मामले की जांच के बाद पुलिस विभाग ने 6000 रुपये का चालान काटने की पुष्टि की है।
इस घटना के बाद आम जनता ने पुलिस की कार्यशैली और लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की।
हरीपर्वत चौराहा, जो शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक है, अब पुलिस की नियम तोड़ती छवि का गवाह बन गया है। यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो कानून का सम्मान कैसे हो?




