
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में नगर निगम की लापरवाही लगातार स्थानीय जनता के लिए समस्याओं का कारण बनती जा रही है। पुराना सरदारी खेड़ा स्थित बाबू कुंज बिहारी वार्ड में पप्पू पासी के घर के सामने वाला मैनहोल महीनों से उफन रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लगातार बहते बदबूदार सीवर के पानी ने स्थानीय लोगों का जीना दूभर कर दिया है, वहीं बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन बेपरवाह
स्थानीय निवासी सईद के अनुसार, इस इलाके में एक मैनहोल से दूसरे मैनहोल को जोड़ने वाली सीवर लाइन महीनों से चोक पड़ी है। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों और स्थानीय पार्षद को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। हालत यह हो गई है कि सड़कों पर दूर तक गंदा पानी फैला हुआ है, जिससे आवागमन में भारी रुकावट आ रही है और स्थानीय निवासियों के लिए यह स्थिति बेहद कठिन हो गई है। इसके साथ ही आसपास के दुकानदारों का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बीमारियों का मंडराता खतरा
गंदगी और सीवर के बदबूदार पानी के चलते स्थानीय लोग कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। यह स्थिति न केवल स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि पूरे क्षेत्र में सफाई और स्वास्थ्य के मुद्दे को गंभीर बना रही है।



