
-थाने की दहलीज पर उम्मीद लेकर पहुंचता है पीड़ित, लेकिन जब स्थानीय स्तर पर नहीं होती सुनवाई तो मजबूरन खटखटाने पड़ते हैं बड़े अधिकारियों के दरवाजे; पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली पर उठते हैं गंभीर सवाल
- Janta ki Aawaz Pankaj Jha ki kalam se✍️
Varanasi. लोकतंत्र में पुलिस व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य आम नागरिक को सुरक्षा देना और पीड़ित को न्याय दिलाना है। लेकिन जब किसी फरियादी को अपनी शिकायत लेकर चौकी से थाने और फिर थाने से उच्च अधिकारियों के कार्यालय तक दौड़ लगानी पड़े, तो स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
आखिर सवाल यह है कि जब चौकी और थाने जनता की समस्याओं के समाधान के लिए बनाए गए हैं, तो पीड़ितों को न्याय के लिए उच्च अधिकारियों के दरवाजे तक क्यों पहुंचना पड़ता है? क्या स्थानीय स्तर पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है? क्या फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण नहीं हो पा रहा है?
एक आम नागरिक जब पुलिस के पास पहुंचता है, तो वह इस उम्मीद के साथ आता है कि उसकी बात सुनी जाएगी, उसकी पीड़ा समझी जाएगी और उसे न्याय मिलेगा। लेकिन यदि उसे बार-बार चक्कर लगाने पड़ें, केवल आश्वासन मिले और कार्रवाई का इंतजार लंबा होता जाए, तो उसका भरोसा कमजोर होना स्वाभाविक है।
पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल शिकायत दर्ज करना ही नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना भी है। यदि प्रत्येक चौकी और थाने पर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो, तो उच्च अधिकारियों के यहां शिकायतों का बोझ भी कम होगा।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जनता को न्याय के लिए दर-दर भटकना क्यों पड़े? चौकी और थाने में ही उसकी सुनवाई क्यों न हो?
याद रखिए, जनता पुलिस से कोई एहसान नहीं मांगती, बल्कि अपने अधिकार के तहत न्याय की उम्मीद करती है। पुलिस के प्रति जनता का विश्वास तभी मजबूत होगा, जब उसे अपनी फरियाद लेकर बार-बार अधिकारियों की चौखट पर दस्तक न देनी पड़े।
जनता को सिर्फ आश्वासन नहीं, इंसाफ चाहिए। शिकायतों पर खानापूर्ति नहीं, निष्पक्ष कार्रवाई चाहिए। क्योंकि न्याय जितनी जल्दी और सहजता से मिलेगा, पुलिस पर जनता का विश्वास उतना ही मजबूत होगा।
Pankaj Jha..✍️




