
-शौचालय से घाट पर गिर रहा था गंदा पानी, साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. शहर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल अस्सी घाट पर नगर निगम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने शुक्रवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घाट का निरीक्षण कर साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी। इस दौरान शौचालय से निकलकर घाट की ओर गिर रहे गंदे पानी को देखकर मेयर नाराज हो गए।
उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और लापरवाही पर ठेकेदार को फटकार लगाई। मेयर ने साफ-सफाई और शौचालयों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात कही। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान घाट पर स्वच्छता व्यवस्था और आम नागरिकों एवं पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाट की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और गंदे पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर निगम अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार कर घाट को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए गए।




