
-20 कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने तलाशा बैग, सामान वापस मिलने पर परिजनों ने जताया आभार
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: सारनाथ पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए करीब दो लाख रुपये कीमत का सर्जिकल कैमरा, बैग और उसमें रखे उपकरण सकुशल बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से डॉक्टर के परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे आशापुर चौराहे पर कार से सामान निकालते समय डॉ. विनय कुमार का बैग सहित सर्जिकल कैमरा कहीं गिर गया था। काफी तलाश के बाद भी सामान नहीं मिला तो उनके पिता रामसहाय सिंह यादव ने थाना सारनाथ में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से मदद मांगी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सारनाथ पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज का बारीकी से विश्लेषण करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद बैग ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान की गई। जांच में पता चला कि सर्जिकल कैमरा और बैग मवइया निवासी पंकज पाण्डेय के पास सुरक्षित है। उन्होंने बैग पुलिस चौकी पर उपलब्ध करा दिया।
इसके बाद 19 नवंबर को थाना सारनाथ पुलिस ने कैमरा, बैग और उसमें रखे सभी उपकरण रामसहाय सिंह यादव को सकुशल सुपुर्द कर दिए। कीमती सामान वापस मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग की सराहना की।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी आशापुर दीक्षा पाण्डेय, कांस्टेबल आनंद कुमार, रिजर्व कांस्टेबल पवन कुमार और रमन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





