
-समाज की धरोहर को कथित कब्जे से मुक्त कराने की मुहिम में नया मोड़, पदाधिकारियों ने पूछा- चार द्वारों में से सिर्फ एक पर ही सीलिंग क्यों?
- Pankaj Jha ki kalam se✍️
Varanasi. लल्लापुरा स्थित प्रजापति कुंभकारणी हितकारिणी सभा, पितृकुंडा की संपत्ति को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। समाज की इस धरोहर को कथित कब्जे से मुक्त कराने के लिए संस्था के पदाधिकारियों का करीब सात वर्षों से संघर्ष जारी है। पुलिस चौकी से लेकर संबंधित थाने और न्यायालय से उच्च न्यायालय तक दस्तक देने के बाद 19 नवंबर 2026 को सिगरा थाना पुलिस संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और भवन के चार प्रवेश द्वारों में से एक को सीज कर दिया। हालांकि, शेष तीन द्वार बिना सील किए छोड़ दिए जाने से कार्रवाई की पूर्णता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
संस्था के पदाधिकारियों का आरोप है कि समाज की संपत्ति पर एक व्यक्ति ने पिछले करीब सात वर्षों से कथित रूप से कब्जा कर रखा था और संस्था के भवन का इस्तेमाल निजी स्वार्थ के लिए आरके मैरिज लॉन के नाम से किया जा रहा था। उनका कहना है कि इस दौरान सामाजिक संस्था की मूल पहचान और उद्देश्य को भी नुकसान पहुंचा। यहां संचालित चक्रधारी विद्या मंदिर विद्यालय को बंद कर मैरिज लॉन के रूप में भवन का उपयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
सात साल की लड़ाई, फिर भी अधूरी कार्रवाई क्यों?
संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि समाज की संपत्ति को कथित कब्जे से मुक्त कराने के लिए उन्होंने लंबे समय तक कानूनी और प्रशासनिक लड़ाई लड़ी। संबंधित पुलिस चौकी, थाना, अधिकारियों और न्यायालयों के दरवाजे खटखटाए गए। इसके बावजूद समस्या का पूर्ण समाधान नहीं हो सका। 19 नवंबर को प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में एक दरवाजा सीज किया जाना कार्रवाई की शुरुआत जरूर है, लेकिन तीन अन्य द्वार बिना सील किए छोड़ दिए जाने से पदाधिकारी संतुष्ट नहीं हैं।
प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
पदाधिकारियों का सवाल है कि जब भवन के चार प्रवेश द्वार हैं तो केवल एक द्वार सीज करने से कार्रवाई का उद्देश्य कैसे पूरा होगा? क्या तीन अन्य द्वार बिना सील किए छोड़ने से भवन का इस्तेमाल जारी रखने की गुंजाइश नहीं रह जाएगी? आखिर पूरी कार्रवाई एक साथ क्यों नहीं की गई? संस्था के पदाधिकारी चाहते हैं कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार पूरी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि समाज की संपत्ति का संरक्षण हो सके।
अब देखना यह है कि सात वर्षों से संघर्ष कर रहे प्रजापति समाज के पदाधिकारियों को प्रशासन से कब पूर्ण न्याय मिलता है और समाज की इस धरोहर को लेकर चल रहा विवाद कब समाप्त होता है।
- Pankaj Jha..✍️





