
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi /Prayagraj: प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके से फॉर्च्यूनर कार चोरी कर महाराष्ट्र ले जाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सिविल लाइंस पुलिस और सर्विलांस सेल नगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को महाराष्ट्र के नवी मुंबई से गिरफ्तार कर चोरी की गई फॉर्च्यूनर कार बरामद कर ली। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए कार की असली नंबर प्लेट हटाकर उस पर कूटरचित नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक इस चोरी की घटना का मास्टरमाइंड है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को पीयूष जायसवाल निवासी गंगानगर, राजापुर प्रयागराज ने थाना सिविल लाइंस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फॉर्च्यूनर कार होटल रॉयल स्टे इन, म्योर रोड सिविल लाइंस के बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 511/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं।
जांच के दौरान पुलिस को सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद सिविल लाइंस पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई कमिश्नरेट के तलोजा थाना क्षेत्र स्थित एमआईडीसी ग्राउंड में दबिश देकर दो आरोपियों मो. इस्तियाक उर्फ मो. शाह और मो. आजम को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में सामने आई चोरी की पूरी साजिश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मो. इस्तियाक उर्फ मो. शाह मूल रूप से प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र के रसूलाबाद का निवासी है और काम के सिलसिले में महाराष्ट्र में रहता था। पूछताछ में उसने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को मो. आजम सिविल लाइंस इलाके में उक्त फॉर्च्यूनर कार धुलवा रहा था। इसी दौरान इस्तियाक वहां पहुंचा और दोनों ने कार चोरी करने की योजना बनाई।
इसके बाद दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य वांछित साथी के साथ मिलकर कार की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली। योजना के मुताबिक 22 अक्टूबर को वारदात को अंजाम देने की तैयारी की गई। इस्तियाक पहले महाराष्ट्र चला गया और मो. आजम ने भी कार चलाना बंद कर दिया, ताकि किसी को उन पर शक न हो। इसके बाद इस्तियाक 22 अक्टूबर को दोबारा प्रयागराज पहुंचा और रात के समय पहले से तैयार डुप्लीकेट चाबी की मदद से कार चोरी कर ली।
प्रयागराज से रीवा होते हुए महाराष्ट्र पहुंचाई कार
चोरी के बाद आरोपी कार को नैनी, छिवकी, मेजा और कोरांव के रास्ते रीवा होते हुए महाराष्ट्र ले गए। रास्ते में उन्होंने कार की वास्तविक नंबर प्लेट यूपी32एचक्यू9596 हटाकर उसकी जगह फर्जी नंबर प्लेट एमएच14ईएच7007 लगा दी। आरोपी चोरी की कार को महाराष्ट्र में बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इस्तियाक उर्फ मो. शाह (करीब 45 वर्ष), निवासी राहतानी, पुणे, महाराष्ट्र तथा मो. आजम (करीब 29 वर्ष), निवासी बेली गांव, थाना कैंट, प्रयागराज के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों को 18 नवंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।




