
- वाराणसी मंडल ब्यूरो✍️
Varanasi: सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। कैंट रेलवे स्टेशन के पिलर नंबर-60 के पास आने-जाने वाले राहगीरों को परेशान करने और आपस में विवाद करने के आरोप में पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को सिगरा पुलिस को सूचना मिली कि कैंट रेलवे स्टेशन के पिलर नंबर-60 के पास कुछ महिलाएं सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाले राहगीरों के साथ अभद्रता कर रही हैं और आपस में भी विवाद कर रही हैं। सूचना मिलते ही रोडवेज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास सिंह मिशन शक्ति टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने महिलाओं को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुईं। मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने छह महिलाओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार महिलाओं का विवरण
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में एक महिला चंदौली जनपद की निवासी है, जिसकी उम्र करीब 40 वर्ष है। इसके अलावा 48 वर्ष, 30 वर्ष की दो महिलाएं, 52 वर्ष और 50 वर्ष की एक-एक महिला शामिल हैं।
मिशन शक्ति टीम सहित पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, रोडवेज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक काजोल सिंह, महिला उपनिरीक्षक डॉली साहू, आरक्षी महिला छाया, आरक्षी महिला दीपांजलि, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार और कांस्टेबल अनिल कुमार पटेल शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और राहगीरों को परेशान करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




