
Meerut: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में शनिवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में शामिल होने के साथ गढ़मुक्तेश्वर में गंगा मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे, वहीं ओवैसी मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
खास बात यह है कि चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद ओवैसी का उत्तर प्रदेश में यह पहला बड़ा कार्यक्रम बताया जा रहा है। ऐसे में दोनों नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर पश्चिमी यूपी का सियासी माहौल गर्म हो गया है।
मेरठ में योगी और ओवैसी की रैली से बढ़ेगी सियासी सरगर्मी
शनिवार को मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रमों पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी। मुख्यमंत्री मेरठ छावनी क्षेत्र के कुलवंत सिंह स्टेडियम में पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के शामिल होने की संभावना है।
दूसरी ओर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी नौचंदी मैदान में जनसभा करेंगे। AIMIM का दावा है कि इस जनसभा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मेरठ में दोनों नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
गढ़मुक्तेश्वर में गंगा मेले की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर भी जाएंगे। यहां वह पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री लखनऊ से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से गढ़मुक्तेश्वर जाएंगे।
मुख्यमंत्री कच्चा घाट, लठीरा और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गंगा मेले की व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी लेंगे।
35 फीसदी मुस्लिम आबादी वाले मेरठ में ओवैसी की नजर
मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक केंद्र है। यहां मुस्लिम आबादी का बड़ा हिस्सा होने के कारण राजनीतिक दलों की विशेष नजर रहती है। ओवैसी की नौचंदी मैदान में होने वाली जनसभा को भी इसी राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।
AIMIM का दावा है कि इस रैली के जरिए पार्टी पश्चिमी यूपी में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएगी। जनसभा में मुस्लिम समुदाय के साथ अन्य वर्गों के लोगों की भागीदारी जुटाने की भी कोशिश की जा रही है।
चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन के बाद यूपी में ओवैसी का पहला कार्यक्रम
असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। इस गठबंधन के तहत चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।
ओवैसी का कहना है कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगा और बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने का प्रयास करेगा।
युवाओं, किसानों और पिछड़े वर्गों के मुद्दों पर बीजेपी को घेरा
गठबंधन की घोषणा के दौरान ओवैसी ने युवाओं की बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और शोषित एवं पिछड़े वर्गों के मुद्दों को उठाया था। उन्होंने कहा था कि इन समुदायों का राजनीतिक इस्तेमाल केवल वोट बैंक के रूप में किया गया है।
ओवैसी ने दावा किया कि चंद्रशेखर आजाद के मुख्यमंत्री बनने से उत्तर प्रदेश में वास्तविक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर काम करेंगे, ताकि गठबंधन की सफलता का लाभ प्रदेश की जनता तक पहुंच सके।
अब मेरठ की जनसभा में ओवैसी क्या राजनीतिक संदेश देते हैं और पश्चिमी यूपी में गठबंधन को कितना समर्थन मिलता है, इस पर राजनीतिक विश्लेषकों और विरोधी दलों की नजर रहेगी।




