
-आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए छवि खराब करने और धमकी देने का आरोप, बेरुका गांव के पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से लगाई थी न्याय की गुहार
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi/Sevapuri: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर किसी व्यक्ति को बदनाम करने और फिर उसे ब्लैकमेल कर मोटी रकम मांगने का मामला जंसा थाना क्षेत्र में सामने आया है। बेरुका गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही दो लोगों पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट करने, 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर जंसा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेरुका गांव निवासी रितेश कुमार सिंह ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही अनित कुमार गर्ग उर्फ चुन्ना और विजय नारायण सिंह के खिलाफ शिकायत की थी। पीड़ित का आरोप है कि बीते 25 जून को सोशल मीडिया पर उनके संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। इसके बाद कथित तौर पर पोस्ट के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया गया और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना से परेशान होकर उन्होंने पुलिस कमिश्नर से पूरे मामले की शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने जंसा पुलिस को मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर की गई कथित पोस्ट, रंगदारी मांगने के आरोप और अन्य शिकायतों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और इसके माध्यम से किसी को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के मामलों पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




