
-ग्रेटर नोएडा में आयोजित राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में बढ़ाया वाराणसी का मान, दिसंबर में बेंगलुरु में दिखाएंगे दमखम
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की रोलर स्पीड स्केटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से वाराणसी का गौरव बढ़ाया है। ग्रेटर नोएडा में 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित 12वीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में बरेका के खिलाड़ियों ने कुल 18 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इनमें 10 स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता में बरेका के नौ खिलाड़ियों ने वाराणसी जनपद की ओर से प्रतिभाग किया। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में रुद्रांश विश्वकर्मा और निहिरा त्रिपाठी ने दो-दो स्वर्ण पदक हासिल किए। फर्जाम हुसैन ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इशिका उपाध्याय ने एक स्वर्ण और दो रजत, अक्षय दीप उपाध्याय ने एक स्वर्ण और दो रजत, जबकि अर्चना उपाध्याय ने एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं आकर्ष श्रेष्ठ ने एक कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के साथ ही बरेका के पांच स्केटरों का चयन आगामी राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में निहिरा त्रिपाठी, अक्षय दीप उपाध्याय, इशिका उपाध्याय, फर्जाम हुसैन और अर्चना उपाध्याय शामिल हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 15 दिसंबर तक कर्नाटक के बेंगलुरु में होगा, जहां ये खिलाड़ी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में बरेका टीम के कोच फर्जाम हुसैन रहे, जबकि टीम मैनेजर के रूप में सीमा और अभिषेक उपाध्याय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर बरेका संस्थान के सचिव आलोक सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। वहीं बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बरेका के इन होनहार खिलाड़ियों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण से खेल के क्षेत्र में भी वाराणसी के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर हैं।





