
-पाण्डेयपुर से मोटरसाइकिल चोरी कर गैस सिलेंडरों की चोरी में भी था शामिल, साथी की तलाश में जुटी बड़ागांव पुलिस
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: बड़ागांव थाना पुलिस ने रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मदनपुर नहर पुलिया के पास से एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान आयुष कुमार उर्फ अंकित (22 वर्ष), निवासी ग्राम बराई, थाना केराकत, जनपद जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी के छह खाली घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथी अर्जुन निवासी ग्राम नाऊपुर, थाना गद्दी, जौनपुर के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों से गैस सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की। दोनों चोरी के सिलेंडरों को बेचने की फिराक में थे। सिलेंडरों को ले जाने के लिए उसका साथी बड़ी गाड़ी लेने गया था, तभी पुलिस ने आयुष को पकड़ लिया। अभियुक्त ने बरामद स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी अपने साथी के साथ पाण्डेयपुर क्षेत्र से चोरी करना बताया।
बरामद छह सिलेंडरों में पांच इंडेन और एक आदित्य कंपनी का है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल संख्या UP65 EJ 3450 को भी कब्जे में लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा संख्या 427/2026 के तहत धारा 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त का पूर्व में केराकत थाने में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
इस मामले में प्रकाश में आए दूसरे आरोपी अर्जुन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, अमन यादव, रंजीत सहित पुलिस टीम ने की।





