
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। गाजीपुर संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि जिन मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है, उनमें दोनों विभागों की टीमें गठित कर मौके पर भेजी जाएं। टीम स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों की जांच करे और शिकायतों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करे।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। फरियादियों को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही प्रत्येक मामले में जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में उच्चाधिकारी स्तर से कार्रवाई की आवश्यकता है, उनमें तत्काल रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारी को भेजी जाए, ताकि मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो सके।
इस दौरान अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता बरतने और शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





