
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी: काशी में गोदौलिया चौराहे के पास गुरुवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान, पहली मंजिल का ज्वेलरी शोरूम और दूसरी मंजिल पर बना होटल आ गया। इमारत से उठते धुएं के गुबार को दूर से देखा गया। घटना के दौरान होटल और ज्वेलरी शोरूम में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आग गुरुवार दोपहर करीब दो बजे ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पेंट और झाड़ू की दुकान से शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग फैलने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
होटल और ज्वेलरी शोरूम में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकाला
घटना के समय होटल में पांच से छह लोग मौजूद थे। वहीं, ज्वेलरी शोरूम के संचालक दीपक सिंह के अनुसार, दुकान में उनके भाई और कर्मचारियों समेत करीब आठ लोग मौजूद थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटनास्थल काशी विश्वनाथ मंदिर से करीब 500 मीटर और नमो घाट से लगभग दो किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। मंदिर के नजदीक घनी आबादी और व्यस्त बाजार वाले इलाके में आग लगने से लोगों की चिंता बढ़ गई। आग लगने के कारणों और नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।





