
सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में नवरात्र का अनुष्ठान पूरा करने के बाद एक 35 वर्षीय महिला की अचानक मौत हो गई। त्रिवेणीगंज नगर परिषद के वार्ड नंबर-4 निवासी सचिता देवी नवरात्र के दौरान लगातार नौ दिनों तक छाती पर कलश रखकर मां दुर्गा की आराधना कर रही थीं। मंगलवार को पूजा संपन्न होने के बाद वह घर लौटीं, लेकिन उसी रात उनकी तबीयत बिगड़ गई। बुधवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नवरात्र के पहले दिन से कर रही थीं मां दुर्गा की आराधना
परिजनों के मुताबिक, सचिता देवी अपने पति वीरेंद्र यादव के साथ त्रिवेणीगंज में रहती थीं। वह नवरात्र के पहले दिन से ही त्रिवेणीगंज बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में छाती पर कलश रखकर मां दुर्गा की पूजा कर रही थीं। उनका यह धार्मिक अनुष्ठान लगातार नौ दिनों तक चला। मंगलवार को पूजा संपन्न होने के बाद वह मंदिर से अपने घर लौट आईं।
रात में बिगड़ी तबीयत, सुबह सीने में हुआ दर्द
परिवार के सदस्यों ने बताया कि घर लौटने के बाद रात में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। कुछ समय बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली, लेकिन बुधवार सुबह उनकी परेशानी दोबारा बढ़ गई। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार मंडल ने जांच के बाद सचिता देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया।
डिहाइड्रेशन या हृदय संबंधी समस्या की आशंका
डॉ. उमेश कुमार मंडल के अनुसार, महिला की मौत के संभावित कारणों में शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन या हृदय संबंधी समस्या शामिल हो सकती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद परिजन सदमे में हैं। वहीं, महिला की अचानक मौत से स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।




