
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर 25 अक्टूबर को प्लेटफॉर्म संबंधी निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके चलते पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने कई ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इसके तहत एक ट्रेन निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से रवाना होगी, तीन ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा, जबकि तीन ट्रेनों का वाराणसी सिटी स्टेशन पर ठहराव निरस्त कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग की ओर से 21 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वाराणसी सिटी स्टेशन पर निर्माण कार्य के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। इससे 24 और 25 अक्टूबर को चलने वाली विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
दो घंटे की देरी से रवाना होगी साबरमती एक्सप्रेस
25 अक्टूबर को वाराणसी सिटी स्टेशन से चलने वाली गाड़ी संख्या 19168 वाराणसी सिटी-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 120 मिनट यानी दो घंटे की देरी से रवाना होगी।
तीन ट्रेनों का संचालन सारनाथ तक सीमित
निर्माण कार्य के चलते तीन ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव किया गया है।
1. गाड़ी संख्या 15008 कृषक एक्सप्रेस: 24 अक्टूबर को लखनऊ जंक्शन से वाराणसी सिटी आने वाली कृषक एक्सप्रेस का शॉर्ट टर्मिनेशन सारनाथ स्टेशन पर किया जाएगा। यह ट्रेन सारनाथ से वाराणसी सिटी के बीच निरस्त रहेगी।
2. गाड़ी संख्या 65121: 25 अक्टूबर को दोहरीघाट से वाराणसी सिटी आने वाली इस ट्रेन का संचालन सारनाथ स्टेशन तक ही होगा। सारनाथ से वाराणसी सिटी के बीच ट्रेन निरस्त रहेगी।
3. गाड़ी संख्या 15130: 25 अक्टूबर को वाराणसी सिटी से गोरखपुर कैंट जाने वाली यह ट्रेन वाराणसी सिटी के बजाय सारनाथ स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इसके चलते वाराणसी सिटी से सारनाथ के बीच इसका संचालन निरस्त रहेगा।
तीन ट्रेनों का वाराणसी सिटी स्टेशन पर ठहराव निरस्त
रेलवे प्रशासन ने तीन ट्रेनों का वाराणसी सिटी स्टेशन पर ठहराव भी अस्थायी रूप से निरस्त किया है।
– गाड़ी संख्या 15159 सारनाथ एक्सप्रेस: 25 अक्टूबर को छपरा से चलने वाली छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस वाराणसी सिटी स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
– गाड़ी संख्या 11061 पवन एक्सप्रेस: 24 अक्टूबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से जयनगर जाने वाली इस ट्रेन का वाराणसी सिटी स्टेशन पर ठहराव निरस्त रहेगा।
– गाड़ी संख्या 15017 काशी एक्सप्रेस: 24 अक्टूबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गोरखपुर जाने वाली इस ट्रेन का भी वाराणसी सिटी स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
यात्रियों से जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील
वाराणसी सिटी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य के कारण किए गए इन बदलावों से यात्रियों को असुविधा हो सकती है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के समय, ठहराव और निर्धारित प्रारंभिक स्टेशन की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति में इन अस्थायी बदलावों की जानकारी दी गई है।




