
- रिपोर्टः सुरेश त्रिपाठी
Lucknow/Balrampur: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सीजेपी के साथ ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी द्वारा इस्तीफे की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। इसका असर दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी दिखाई दे रहा है, जहां बड़ा आंदोलन चल रहा है।
इसी क्रम में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 12 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया है। राहुल गांधी के आह्वान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
राहुल गांधी के आह्वान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी सक्रिय हो गई है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वी जोन प्रभारी हसीब खान अपने हजारों समर्थकों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ दिल्ली कूच करने वाले थे।
इससे पहले ही पुलिस ने हसीब खान को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। आरोप है कि दिल्ली जाने से रोकने के लिए उनके आवास पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है। इस दौरान हसीब खान और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस होने की भी सूचना है।
हाउस अरेस्ट के बाद प्रदेश भर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हसीब खान ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर वह और उनके समर्थक हर कीमत पर दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन के इस रवैये से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। पार्टी के लिए हर संघर्ष को तैयार हैं, चाहे जो भी कीमत चुकानी पड़े।
फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। अब 12 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन पर सबकी नजर टिकी है।




