
-स्वच्छता पखवाड़ा के तहत यात्रियों को किया गया जागरूक, नुक्कड़ नाटक और नारों के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता रैली एवं विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) श्री अनुभव पाठक के नेतृत्व में आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेल्थरा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
जागरूकता रैली निकालकर दिया स्वच्छता का संदेश
अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य निरीक्षकों, संविदा सफाई कर्मचारियों एवं रेलकर्मियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। पोस्टर, बैनर, स्वच्छता संबंधी नारों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों तथा आमजन को साफ-सफाई के महत्व से अवगत कराया गया। लोगों से रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की गई।
अवैध पोस्टर-बैनर हटाए, गुटखा-पान के दागों की हुई विशेष सफाई
स्वच्छता अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, पैदल ऊपरी पुलों, सबवे, बाउंड्री वॉल और रेलवे कॉलोनियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान अनधिकृत पोस्टर, बैनर, स्टिकर एवं होर्डिंग हटाए गए। वहीं, प्लेटफॉर्मों और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में गुटखा-पान के दागों की विशेष सफाई कर आवश्यकतानुसार रंग-रोगन भी किया गया।
इसके साथ ही अधिकृत विज्ञापन सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाणिज्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया, ताकि अनधिकृत प्रचार सामग्री हटाने के साथ वैध विज्ञापनों को सुरक्षित रखा जा सके।
उद्घोषणा प्रणाली से यात्रियों से की गई अपील
रेलवे की सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, इधर-उधर कूड़ा न फेंकने तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने के लिए प्रेरित किया गया।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छता पखवाड़े के माध्यम से रेलवे परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाना और यात्रियों एवं रेलकर्मियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।



