
-चंदौली पुलिस की कार्रवाई, एक भैंस, पिकअप, 23,700 रुपये और छह मोबाइल बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चंदौली अलीनगर थाना पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से भैंस चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की भैंस को पिकअप वाहन से बिहार ले जाकर औने-पौने दामों में बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने चंदौली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक पशु चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक 08 सितम्बर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग रेवसा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे पिकअप में चोरी की भैंस लाद रहे हैं। सूचना पर अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने पिकअप चालक को वाहन चढ़ाने के लिए उकसाया। चालक ने वाहन पुलिसकर्मियों की ओर तेज गति से बढ़ाया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर ब्रिज के पिलर से टकरा गया। पुलिस ने चालक समेत भैंस लाद रहे सभी आठ आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. याकूब, विजय चौहान उर्फ रिंकू, आनंद मौर्य, ओम प्रकाश नट, सटरु हुसैन, नितेश कुमार, अखिलेश नट और विनोद नट के रूप में हुई है। इनमें चंदौली, वाराणसी और बिहार के निवासी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक भैंस, पिकअप वाहन संख्या UP61T3510, 23,700 रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में पूर्व में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य दिन और रात में गांवों में घूमकर मवेशियों की रेकी करते थे और सुनसान स्थानों से भैंस चोरी कर पिकअप के जरिए बिहार ले जाकर बेच देते थे। मामले में थाना अलीनगर में धारा 109(1)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम तथा प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में सर्विलांस टीम शामिल रही।




