
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चन्दौली महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को मजबूत करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप चन्दौली जनपद में “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सरकारी एवं पुलिस सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी वातावरण उपलब्ध कराना भी रहा।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी भी दी। इस दौरान घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, प्रतिषेध एवं प्रतितोष से संबंधित अधिनियम, 2013, दहेज निषेध अधिनियम, 1961 तथा गर्भधारण पूर्व और प्रसवपूर्व निदान तकनीक के माध्यम से लिंग चयन पर रोक से संबंधित अधिनियम, 1994 के प्रमुख प्रावधानों के बारे में आमजन को जागरूक किया गया।
अभियान में खास तौर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय उपलब्ध सहायता तंत्र का इस्तेमाल करें और संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक इकाइयों से सहायता प्राप्त करें।
मिशन शक्ति के द्वितीय चरण में साइबर सुरक्षा को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव तथा साइबर अपराधों से सतर्क रहने के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। बदलते डिजिटल दौर में महिलाओं और बालिकाओं को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सजग करना अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
इसके साथ ही प्रत्येक थाना परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के कार्य, उद्देश्य और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में भी महिलाओं एवं आमजन को जानकारी दी गई।
पुलिस का यह अभियान बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक महिलाओं और बालिकाओं के बीच सुरक्षा एवं अधिकारों की जागरूकता बढ़ाने की दिशा में लगातार जारी है।



