
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की गरिमामयी उपस्थिति में शुक्रवार को मंडल चिकित्सालय, वाराणसी के ऑपरेशन थिएटर में आधुनिक फेको मशीन एवं ऑपरेशन थिएटर लाइट का शुभारंभ किया गया। नर्सिंग अधीक्षक नेली मिंज एवं श्री मेरी राजन जार्ज ने फीता काटकर इन आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आर.जे. चौधुरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. नीरज कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. मधुसूदन विश्वकर्मा समेत मंडल चिकित्सालय के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडल चिकित्सालय में स्थापित आधुनिक फेको मशीन मोतियाबिंद की सर्जरी के दौरान चिकित्सकों को बेहतर नियंत्रण, सटीकता और सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इसमें ऐसी आधुनिक तकनीक उपलब्ध है, जो लेंस के टुकड़ों को फेको टिप की ओर आसानी से लाने और उन्हें नियंत्रित रखने में सहायता करती है। इससे सर्जरी के दौरान लेंस के टुकड़ों को बार-बार खोजने की आवश्यकता कम होती है तथा आंख के अंदर आवश्यक स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलती है।
मशीन में तरल प्रवाह एवं खिंचाव को नियंत्रित करने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे सर्जरी के दौरान विभिन्न प्रक्रियाओं को अधिक नियंत्रित तरीके से किया जा सकता है। इसके माध्यम से फेको सर्जरी के साथ-साथ अन्य आवश्यक नेत्र चिकित्सा प्रक्रियाएं भी की जा सकती हैं।
मशीन का छोटा एवं आसानी से स्थानांतरित किया जा सकने वाला स्वरूप इसकी महत्वपूर्ण विशेषता है। लगभग पांच किलोग्राम वजन और छोटे आकार के कारण इसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है। इसका सरल नियंत्रण पटल और बहुउद्देशीय पैर संचालित यंत्र चिकित्सकों को सर्जरी के दौरान आवश्यक कार्यों को आसानी से नियंत्रित करने में सहायता करता है।
इस मशीन में छोटे चीरे के माध्यम से मोतियाबिंद की सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध है। चयनित उपकरण के अनुसार लगभग 1.8 से 2.8 मिलीमीटर तक के छोटे चीरे से फेको सर्जरी की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, विशेष वायु संपीड़क की सहायता से आंख के अंदर की अन्य आवश्यक शल्य प्रक्रिया भी की जा सकती है।
नई ऑपरेशन थिएटर लाइट से सर्जरी के दौरान पर्याप्त एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इससे चिकित्सकों को सर्जिकल क्षेत्र को स्पष्ट रूप से देखने में सुविधा मिलेगी और ऑपरेशन थिएटर की कार्यक्षमता में भी सुधार होगा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने कहा कि रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकताओं में शामिल है। मंडल चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से रेलकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा उन्हें उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
मंडल चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार ‘बेहतर स्वास्थ्य, बेहतर सेवा’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को मंडल चिकित्सालय में ही आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नई मजबूती मिलेगी।





