
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
2019 में पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से विदाई ले ली है। करीब 22 साल की सेवा के बाद उन्होंने अब नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में नई पारी शुरू की है। वह गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से कमर्शियल पायलट के तौर पर जुड़ गए हैं।
अभिनंदन वर्धमान ने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना से समय से पहले सेवानिवृत्ति ली थी। इसके बाद अगस्त में वह FLY91 से जुड़े। रिपोर्टों के मुताबिक, वह फिलहाल एयरलाइन के ATR 72-600 विमान के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं।
2019 की हवाई मुठभेड़ से बने थे राष्ट्रीय नायक
अभिनंदन वर्धमान को फरवरी 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई हवाई मुठभेड़ के बाद देशभर में पहचान मिली थी। 27 फरवरी 2019 को बालाकोट एयर स्ट्राइक के अगले दिन हुई हवाई कार्रवाई के दौरान उन्होंने मिग-21 बाइसन से पाकिस्तानी F-16 को मार गिराया था।
इस हवाई संघर्ष में अभिनंदन का मिग-21 भी निशाना बना और उन्हें विमान से इजेक्ट करना पड़ा। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में जा गिरे, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। करीब तीन दिन बाद उन्हें भारत वापस लाया गया।
उनके साहस और अदम्य धैर्य के लिए भारत सरकार ने उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया।
लड़ाकू विमान से यात्री विमान तक का सफर
वायुसेना से सेवानिवृत्ति के बाद अभिनंदन ने विमानन क्षेत्र में ही अपनी दूसरी पारी शुरू की है। अब वह लड़ाकू विमान की जगह यात्री विमान उड़ाने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, FLY91 में शामिल होने के बाद वह कमर्शियल विमान संचालन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उनका यह बदलाव भारतीय वायुसेना के एक चर्चित लड़ाकू पायलट से नागरिक विमानन के कमर्शियल पायलट बनने की नई शुरुआत है।




