
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे दो कथित शूटरों आर्यन सिंधू और सत्यम कादियान पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कराने या उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को निर्धारित इनाम दिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, आर्यन सिंधू का संबंध पंपू गैंग और सत्यम कादियान का संबंध गोगी गैंग से बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या के लिए शामली पुलिस के एनकाउंटर में मारे गए दो शूटरों को कथित तौर पर सुपारी दी गई थी। आर्यन सिंधू और सत्यम कादियान उनके साथ बैकअप के तौर पर मौजूद थे।
CCTV फुटेज में कैद हुई थी दोनों की तस्वीर
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दोनों संदिग्धों की तस्वीरें CCTV फुटेज में सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी।
पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उनकी गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
विदेश भागने की आशंका, एयरपोर्ट पर लुकआउट सर्कुलर
पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी देश से बाहर भागने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया गया है, ताकि वे विदेश न भाग सकें और एयरपोर्ट पर उनकी पहचान होने पर पुलिस को तत्काल सूचना मिल सके।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।




