
-पीएमश्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता और मिशन शक्ति कार्यक्रम, OTP से लेकर फर्जी लिंक तक के खतरों से कराया रूबरू
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. बदलते डिजिटल दौर में जहां तकनीक ने जिंदगी को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराधियों ने इसी तकनीक को ठगी का हथियार बना लिया है। ऐसे में एक छोटी-सी लापरवाही बड़ी आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बन सकती है। इसी को लेकर बुधवार को रामनगर पुलिस ने पीएमश्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध, साइबर बुलिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल फ्रॉड जैसे बढ़ते खतरों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और थोड़ी-सी असावधानी का फायदा उठाकर बैंक खाते से लेकर निजी जानकारी तक पर सेंध लगा सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करने से भी बचने की सलाह दी गई।
विद्यार्थियों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा मजबूत रखने के लिए मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक इंटरनेट उपयोगकर्ता की जिम्मेदारी है।
मुसीबत आए तो घबराएं नहीं, तुरंत करें शिकायत
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों और पुलिस को सूचना दे। साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल साइबर अपराधों की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें डिजिटल दुनिया में सजग, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी रहा।
मिशन शक्ति के तहत भी किया जागरूक
कार्यक्रम में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सालय रामनगर, प्रधानाचार्य पीएमश्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज अविनाश मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक रामनगर संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक सुजाता चटर्जी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





