
-कानून-व्यवस्था को लेकर आकाश पटेल की सख्ती, फरियादियों की सुनवाई से लेकर गश्त और लंबित मामलों तक पर फोकस
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को थाना बलुआ का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, मालखाना, हवालात, मेस एवं बैरक की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया। साथ ही अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर एवं त्योहार रजिस्टर समेत विभिन्न अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत संवेदनशीलता से सुनी जाए और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को शिकायतों का फीडबैक लेने और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए संवेदनशील स्थानों, बाजारों और चौराहों पर पैदल गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं का समय से निस्तारण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मालखाने में लंबित माल के वैधानिक निस्तारण की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत दी। साथ ही ‘यक्ष ऐप’ के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर देते हुए बीट क्षेत्रों के गांवों-मोहल्लों, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों तथा सीसीटीवी कैमरों की सटीक जियो-टैगिंग और अपराधियों के भौतिक सत्यापन की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।




