
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने नमो घाट से पुराना पुल (सारनाथ) तक मोटर बोट से भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर जलस्तर एवं परिस्थितियों का जायजा लेते हुए राहत और बचाव व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर एवं जिलाधिकारी ने सारनाथ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय, सलार तथा विद्या विहार इंटर कॉलेज, सलार स्थित राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में रह रहे लोगों से खानपान, आवास और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जल पुलिस और एनडीआरएफ की लगातार गश्त जारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में जलस्तर एवं परिस्थितियों पर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने आमजन से नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने तथा बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा सहित पुलिस, जल पुलिस, एनडीआरएफ एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।




