
-मिर्जामुराद के महिला महाविद्यालय में एंटी रोमियो अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने साझा की अपनी समस्याएं
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मिर्जामुराद गौर गांव स्थित स्व. वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय में सोमवार को एंटी रोमियो अभियान के अंतर्गत मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा एवं मिशन शक्ति टीम की प्रभारी अनुजा गोस्वामी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने छात्राओं को एकत्रित कर मिशन शक्ति केंद्र, महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीम की प्रभारी अनुजा गोस्वामी ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है। उन्होंने महिलाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं, उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने 1090 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 181 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन को नोट करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की।
इस दौरान छात्राओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर होने वाली ठगी, फर्जी कॉल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा छात्राओं को आवश्यक सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक एवं जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह, सचिव योगेश सिंह, डॉ. आशुतोष उपाध्याय, प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, डॉ. अंजना सिंह, अंजली जायसवाल, गौरव उपाध्याय, अमृता सिंह, मुकेश यादव, श्वेता देवी, स्नेहा मिश्रा, राजेश सिंह, रामजी यादव, वीरेंद्र विश्वकर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने मिशन शक्ति टीम एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित करते हैं।




