
-महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा—“सेवानिवृत्ति नौकरी से विदाई है, जीवन से नहीं”
-स्वास्थ्य, वित्तीय प्रबंधन, परिवार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़कर जीवन के नए अध्याय को सार्थक बनाने का दिया संदेश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में माह अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए दो अधिकारियों एवं दस कर्मचारियों के सम्मान में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। इस अवसर पर उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का माल्यार्पण कर तथा फोल्डर प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने उद्बोधन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि “सेवानिवृत्ति नौकरी से विदाई है, जीवन से नहीं, बल्कि जीवन के एक नए और सार्थक अध्याय की शुरुआत है।” उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ, सुखी एवं शांतिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य, शरीर की देखभाल, परिवार, वित्तीय प्रबंधन तथा सामाजिक सरोकारों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक शहर में जीवन बिताना अपने आप में सौभाग्य है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक चेतना एवं अच्छे कार्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया। साथ ही, जीवन में मिली उपलब्धियों एवं अवसरों के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सकारात्मक सोच के साथ जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे एवं सहायक वित्त सलाहकार रमा शंकर जायसवाल सहित अन्य सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, संस्मरण एवं प्रेरक प्रसंग साझा किए। उन्होंने बरेका को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए संस्थान के प्रति अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने ध्यान, स्वाध्याय एवं आध्यात्मिक चेतना के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाने पर जोर दिया। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मियों के दीर्घ सेवाकाल एवं अनुभवों की सराहना की। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने सेवानिवृत्ति फोल्डर में उपलब्ध महत्वपूर्ण जानकारियों एवं सुविधाओं से अवगत कराया। मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम, संतुलित आहार एवं शरीर की देखभाल को प्राथमिकता देने की सलाह दी। कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव ने सभी के सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की मंगलकामना की।
भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की मुख्य शाखा प्रबंधक श्रीमती रिचा त्रिपाठी एवं बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका के मुख्य शाखा प्रबंधक श्री दिनेश कुमार ने वित्तीय प्रबंधन, निवेश, वित्तीय सुरक्षा एवं साइबर सिक्योरिटी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा सेवानिवृत्ति लाभों के विवेकपूर्ण प्रबंधन पर जोर दिया।
माह अगस्त में सेवानिवृत्त होने वालों में संजय पीसे, रमा शंकर जायसवाल, विनोद कुमार सिंह, धर्मशीला देवी, श्री राजाराम, देवानंद देव पाण्डेय, श्रीमती संजू सिन्हा, श्रीमती फूला देवी, शशि भूषण, नय्यर आजम, किरन देवी एवं श्री शिवशंकर कुमार शामिल रहे।
समारोह में प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जनम, महानिदेशक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी, मुख्यालय श्री राम प्रवेश यादव सहित कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, अमित कुमार एवं मनीष कुमार तथा बड़ी संख्या में परिजन एवं सहकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी, मुख्यालय श्री समीर पॉल ने किया।




