
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी के बड़ागांव थाना पुलिस ने ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई AMARON और EXIDE कंपनी की 10 ट्रैक्टर बैटरियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चिउरापुर स्थित सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी के यार्ड में 22 जुलाई से 30 जुलाई 2026 के बीच खड़े ट्रैक्टरों से अज्ञात चोरों ने बैटरियां चोरी कर ली थीं। एजेंसी के सिक्योरिटी इंचार्ज की तहरीर पर बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बाबतपुर स्थित नहर पुलिया के पास से पवन कुमार (21) और महेंद्र (लगभग 18) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ट्रैक्टरों से बैटरियां निकालकर सुनसान स्थान पर छिपा देते थे और बाद में उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




