
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और संभावित आपात परिस्थितियों को देखते हुए 11वीं एनडीआरएफ के कमांडेंट अनूप सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एनडीआरएफ की दो विशेष टीमें वाराणसी में तैनात की गई हैं। इन टीमों को किसी भी आपदा, दुर्घटना अथवा आकस्मिक स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है।
एनडीआरएफ की दोनों टीमें आवश्यक आधुनिक बचाव उपकरणों और प्रशिक्षित जवानों के साथ 24 घंटे सतर्क रहेंगी। विशेष रूप से गंगा घाटों, कांवड़ यात्रा मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए इनकी तैनाती की गई है।
प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। एनडीआरएफ की मौजूदगी से सावन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूती मिलेगी।





