
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही चंदौली पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना इलिया पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोतस्करी के मामले में वांछित एवं ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित नैपुराकला गांव का निवासी है और उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2025 को थाना इलिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया था। इस दौरान वाहन सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल होकर मौके पर पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। वाहन की तलाशी में आठ गोवंश बरामद हुए, जिनमें तीन मृत और पांच जीवित मिले। साथ ही एक अवैध तमंचा, मिस फायर कारतूस और खोखा कारतूस भी बरामद किए गए थे। इस मामले में थाना इलिया पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय और स्वाट/एसओजी प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान गुरुवार को माल्दह पुलिया के पास स्थित काली माता मंदिर के निकट से वांछित इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 110 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ गोवंशों को खरीदकर पिकअप वाहनों में लादता था और बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर अधिक मुनाफे के लिए उनकी बिक्री करता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ चंदौली और प्रयागराज समेत विभिन्न जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




