
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में संरक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 रेलकर्मियों को बुधवार को ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने भारतेन्दु सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में चयनित रेलकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनके समर्पण, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे रेलवे की कार्यप्रणाली और सकारात्मक छवि और अधिक मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि संभावित दुर्घटनाओं को टालने, रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा में योगदान देने वाले कर्मचारियों की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक परिस्थिति में सजगता, अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि वाराणसी मंडल भविष्य में भी टीम भावना और समर्पण के साथ भारतीय रेल के उच्च संरक्षा एवं सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष शुक्ला, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, मंडल वित्त प्रबंधक एन.एन. पाण्डेय सहित मंडल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
‘एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित होने वाले रेलकर्मियों में रवि रंजन पटेल, प्रवीण कुमार राय, रास बिहारी पाण्डेय, संदीप कुमार, राजेश कुमार, उदय कुमार, उमेश कुमार दास, शम्भू शरण कुमार, मनोज कुमार (कांटावाल), शशांक शर्मा तथा मनोज कुमार (कांस्टेबल) शामिल रहे।
समारोह के अंत में सम्मानित रेलकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई दी गई तथा भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।




